मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शुक्रवार को चार घंटे का मेगा ब्लाक रहेगा। जिसकी वजह से दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर (अप व डाउन) ट्रेन रद्द रहेगी। जबकि कई गाड़ियां को बीच में रोका जाएगा। शुक्रवार को दिल्ली लखनऊ रेल मार्ग पर यात्रियों के लिए दुश्वारियाें भरा सफर होगा।
हापुड़-मुरादाबाद के बीच सुबह नौ बजकर 40 मिनट से एक बजकर 40 मिनट तक मरम्मत कार्य चलेगा। मुरादाबाद-बरेली के बीच पौने बारह बजे से पौने चार बजे तक ट्रैक पर पटरी व स्लीपर बदलने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा बरेली और शाहजहांपुर के बीच दोपहर एक बजकर बीस मिनट से पांच बजकर बीस मिनट तक ट्रैक पर कार्य चलेगा। इसके अलावा शाहजहांपुर और आलम नगर के बीच सुबह आठ बजकर चालीस मिनट से ग्यारह बजकर चालीस मिनट पर मरम्मत कार्य चलेगा। मेगा ब्लाक की वजह से दिल्ली मुरादाबाद पैसेंजर रद्द रहेगी। जबकि काठगोदाम लखनऊ एक्सप्रेस दो घंटे देरी से शुक्रवार को रवाना की जाएगी। नई दिल्ली वाराणसी काशी एक्सप्रेस चालीस मिनट बीच में खड़ी रहेगी। नई दिल्ली-राजगीर शुक्रवार को आधे घंटे तक रास्ते में रोकी जाएगी। गजरौला अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन चालीस मिनट बीच में रुकेगी। बरेली वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन बरेली और लखनऊ के बीच रद्द रहेगी। काठगोदाम मुरादाबाद ट्रेन रामपुर और मुरादाबाद के बीच रद्द रहेगी। राम नगर मुरादाबाद पैसेंजर पीपलसाना और मुरादाबाद के बीच कैंसल रहेगी।