मुरादाबाद। गलशहीद थानाक्षेत्र में रामपुर रोड पर शुक्रवार सुबह मिगलानी सिनेमा के सामने ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बिजली मैकेनिक की मौत हो गई। पुिलस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसे में जान गंवाने वाले हबीब (55) कटघर थानाक्षेत्र के करूला गली नंबर-10 अनवार नगर निवासी थे। हबीब बिजली मैकेनिक थे। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ हबीब बाइक से बुद्धि विहार काम पर जा रहे थे। गलशहीद थानाक्षेत्र में रामपुर रोड पर मिगलानी सिनेमा के पास रेलवे माल गोदाम से निकले ट्रक ने हबीब की बाइक में टक्कर मार दी।
इस हादसे में हबीब गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल हबीब को जिला अस्पताल भिजवा दिया। सूूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने हबीब को मृत घोषित कर दिया। हबीब के परिवार में पत्नी शायरा, पांच बेटे और चार बेटियां हैं। गलशहीद थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि ट्रक कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।