मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) की 516 करोड़ की लागत वाली गोविंदपुरम आवासीय योजना के प्रथम चरण को 22 साल बाद उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) की अनुमति मिल गई है।
इसमें 470 आवासीय, 15 मिश्रित भू-उपयोग प्लॉट और व्यवसायिक भू-प्रयोग के 32 प्लॉट होंगे। दिल्ली रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के मध्य मनोहरपुर व मंगूपुरा ग्राम क्षेत्र में करीब 110 एकड़ भूमि किसानों व अन्य भूमि स्वामियों से आपसी समझौते के आधार पर खरीद ली गई है। इस योजना के लिए खरीदी गई 80 एकड़ भूमि में से लगभग 67 एकड़ (271552 वर्ग मीटर) भूमि पर महायोजना-2031 के आवासीय भू-उपयोग की भूमि पर ये योजना लाने की तैयारी है।
योजना में 112.50 वर्ग मीटर, 162 वर्ग मीटर, 200 वर्ग मीटर, 288 वर्ग मीटर व 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के लगभग 470 आवासीय प्लॉट (भूखंड) बनाए गए हैं। इस प्रथम चरण में सामुदायिक सुविधाओं के लिए एक इंटर कॉलेज, एक जूनियर हाईस्कूल व तीन नर्सरी स्कूल, एक सामुदायिक सुविधाओं के लिए स्थान आरक्षित रखा गया है। इसका मुख्य आकर्षण योजना के मध्य 18000 वर्ग मीटर का सेंट्रल पार्क होगा। जिसे रेडियो खगोलशास्त्री गोविंद स्वरूप से सम्मान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसमें कुल 18 पार्क, 1500 केएलडी का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और उप बिजली घर भी प्रस्तावित है। इसमें 9, 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों व वर्षा जलनिकासी के लिए नालों और सीवरेज सीवरेज नेटवर्क भी प्रस्तावित है। उपाध्यक्ष ने बताया कि शीघ्र ही यूपी रेरा से पंजीकरण नंबर प्राप्त हो जाएगी, इसके बाद योजना का पंजीकरण खोल दिया जाएगा। आवासीय भूखंड की दर 40,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गई है। योजना के आवासीय एवं व्यवसायिक भूखंडों के लिए जनहित पोर्टल (https://janhit.upda.in/) पर आवेदन किया जा सकेगा।