मुरादाबाद। ब्रास सिटी सहोदय के तत्वाधान में हुई अंतर विद्यालय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का विजेता केसीएम पब्लिक स्कूल बना। पीएमएस स्कूल को दूसरा और आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल को प्रतियोगिता में तीसरा स्थान मिला। इस चैंपियनशिप में महानगर के 20 विद्यालयों के 197 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल में हुए आयोजन में मुख्य अतिथि डीआईजी शलभ माथुर, विद्यालय के चेयरमैन हिमांशु गर्ग, निदेशक निखिल रस्तोगी व प्रधानाचार्य डॉ हेमंत कुमार झा ने मशाल जलाकर एवं रंगीन गुब्बारे हवा में छोड़े। विद्यालय के छात्र कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने हाथ में जलती हुई मशाल लेकर मुख्य अतिथि को सलामी दी। शलभ माथुर ने कहा कि वर्तमान समय में क्रिकेट के साथ-साथ विद्यार्थी ताइक्वांडो जैसे अन्य खेलों में भी अत्यधिक रुचि ले रहे हैं, जो खुशी की बात है। ताइक्वांडो खिलाड़ियों द्वारा ताइक्वांडो खेल की एक झलक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की गई। पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह के द्वारा की गई। इस दौरान डॉ मंजू सिंह, शिल्पी बंसल, शिखा भटनागर, शालिनी अरोड़ा, रूना रॉय आदि मौजूद रहीं।