मुरादाबाद। बुध बाजार में स्मार्ट रोड निर्माण के लिए चिह्नित अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की टीम शनिवार सुबह दलबल और बुलडोजरों के साथ पहुंच गई। टीम को देख व्यापारी जमा हो गए। उन्होंने इसका विरोध किया। हालांकि अधिकांश दुकानदार नाले के ऊ पर डाली गई टीन शेड, लगाए गए बोर्ड आदि को खुद से हटाना शुरू कर दिया।
बाद में व्यापारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त से उनके कार्यालय पहुंच कर और मौके पर जाकर मौजूद अधिकारियों से वार्ता की। व्यापारियों ने सर्वे के बाद लगाए गए लान निशानों की दुबारा जांच कराने तथा आपसी सहमति के बाद अतिक्रमण हटाने की मांग की। अधिकारियों ने व्यापारियों की शंकाएं दूर करने के बाद ही सोमवार को कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस मामले को लेकर बुध बाजार में पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर की सड़कों को स्मार्ट बनाने का काम शुरू करने के लिए नगर निगम की टीम अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ज्योति सिंह और सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह की अगुवाई में भारी पुलिस फोर्स के साथ शनिवार सुबह बुध बाजार पहुंच गई। कई बुलडोजरों व ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंची इस टीम को देख व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। नगर निगम टीम ने जैसे ही लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अनाउंस किया वैसे ही इंपीरियल तिराहे से बुध बाजार चौराहे तक तमाम व्यापारी नाली आदि के ऊपर डाले गए टीनशेड, बोर्ड, जाल आदि समेत अस्थायी अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने में जुट गए। बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने पर अधिक नुकसान होने की आशंका को देखते हुए कोई अपना काउंटर पीछे खींचता दिखाई दिया तो कोई टीनशेड को खोलता। कुछ स्वयं थोड़े बहुत निर्माण के कार्य को तोड़ते भी दिखाई दिए। टीम में शामिल अधिकारियों ने मौके पर मौजूद व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की। चेतावनी भी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इस कार्य पर जो खर्च होगा वह भी अतिक्रमणकारियों से ही वसूल होगा।