अगवानपुर। कस्बे में एक मौलाना ने झाड़ फूंक कर भूतप्रेत भगाने के बहाने कमरे में बंदकर युवती के साथ छेड़खानी कर दी। युवती की मां ने हंगामा किया तो पंचायत बैठ गई। महिला ने भरी पंचायत में पंचों के सामने ही मौलाना की चप्पलों से पिटाई कर दी। मौलाना की पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अगवानपुर में रहने वाला मौलाना बच्चों को दीनी तालीम की ट्यूशन देता है। साथ ही वह झाड़ फूंक कर भूतप्रेत भगाने का दावा करता है। मौलाना के घर के बराबर में एक युवती काफी दिनों से बीमार थी। उसकी मां ने मौलाना से बीमारी के सिलसिले में बात की। मौलाना ने युवती पर कोई भी बीमारी नहीं होने की बात कहीं। उसने बताया कि युवती के ऊपर भूतप्रेत का असर है। उसे उतारना होगा। महिला बातों में आ गई और इसके लिए उसने मौलाना को पैसे भी दिए। इसके बाद झाड़फूंका सामान लेकर मौलाना महिला के घर पहुंच गया। कहा कि अगर कोई कमरे में रह गया तो यह भूत उस पर सवार हो जाएगा। परिवार के सदस्यों को कमरे से बाहर कर मौलाना युवती को लेकर कमरे में बंद हो गया। आरोप है कि झाडफूंक के बहाने मौलाना ने युवती से छेड़खानी की। काफी देर तक मौलाना कमरे के बाहर नहीं आने पर युवती की मां ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो युवती बदहवास थी। उसके कपड़े अस्तव्यस्त थे। इसके बाद युवती की मां ने परिवार के सदस्यों के साथ मौलाना के रिश्तेदारों को भी बुला लिया। महिला मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़ गई। बाद में लोगों ने महिला को समझाया और पंचायत में सजा देने की बात पर राजी कर लिया। पंचायत में महिला ने पंचों के सामने मौलाना की चप्पलों से पिटाई कर दी। इस दौरान वजहां मौजूद एक व्यक्ति ने पिटाई की वीडियो बना ली। इस वीडियो को उसने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। करीब साढ़े चार मिनट की वीडियो में महिला मौलाना की चप्पल और हाथों से पिटाई करती नजर आ रही है। हालांकि पुलिस ने मामला संज्ञान में होने से इन्कार किया है।