मुरादाबाद। शहर के विकास को लेकर अगले 10 साल के लिए प्रस्तावित मास्टर प्लान को लेकर दायर की गई आपत्ति और सुझावों पर मंगलवार से सुनवाई होगी। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। एमडीए कार्यालय सभागार में सुबह 10:30 बजे से शासन द्वारा गठित छह सदस्यीय टीम इसकी सुनवाई करेगी।
मुरादाबाद विकास प्राधिकर द्वारा शहर के अगले दस साल के विकास के लिए प्रस्तावित मास्टर प्लान-2031 तैयार किया गया है। एमडीए द्वारा इस पर शहर के लोगों से दो चरणों में आपत्ति और सुझाव मांगे गए। जिस पर 410 आपत्तियां और सुझाव एमडीए को प्राप्त हुए। एमडीए वीसी शैलेष कुमार ने बताया कि इन प्राप्त सभी आपत्ति और सुझावों पर एक नवंबर से पांच नवंबर तक सुनवाई होगी।
पहले दिन 100 आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी। संबंधितों को इसकी सूचना भेज कर सुनवाई के दौरान उनसे मौजूद रहने का अनुरोध किया गया है। पहले दिन की अधिकांश आपत्तियों में भू-उपयोग व्यवसायिक, औद्योगिक, बाजार स्ट्रीट करने की मांग से संबंधित हैं।