मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र के गुलाबबाड़ी में बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे गद्दों के गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंच गईं। गोदाम की दीवार तोड़कर दस गाड़ियों ने पानी की बौछारें डालीं। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
नागफनी थाना क्षेत्र के गुइयां बाग निवासी मो. शादाब की बुधबाजार में गद्दों की दुकान है। उनका कटघर के गुलाबबाड़ी में गद्दों का गोदाम है। बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे मो. शादाब के गोदाम में अचानक आग लग गई। आस-पड़ोस के लोगों ने इसकी जानकारी मो. शादाब को दी तो दुकान से सीधे गोदाम पर पहुंच गए। तब तक दमकल विभाग के कर्मचारी गाड़ियां लेकर पहुंच गए थे। दरवाजे तक आग की लपटें निकल रही थीं।
यहां से गोदाम में जाना मुश्किल था। इसके बाद कर्मचारियों ने गोदाम की दीवार तोड़ दी और एक के बाद एक दस गाड़ियां मंगवाकर पानी डाला गया। करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक गद्दे जल चुके थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि दीवार तोड़कर गोदाम में पानी डाला गया। इसके बाद ही आग पर काबू पाया गया।