मुरादाबाद। सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी होने के बाद भगतपुर टांडा ब्लॉक के कुछ जोड़ों के अपात्र होने की शिकायतें सामने आने लगी हैं। इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने शिकायत के आधार पर जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही संबंधित एडीओ से जवाब तलब किया है।
जिला समाज कल्याण विभाग की तरफ से बुद्धि विहार में धूमधाम के साथ 26 अक्तूबर को 315 जोड़ों की शादी और निकाह हुए थे। इसी प्रकार कुंदरकी क्षेत्र के भदासना लॉ कॉलेज परिसर में 261 जोड़े शादी के बंधन में बंध गए थे। पिछले साल की तरह फिर भगतपुर टांडा से एक अपात्र की शादी होने की शिकायत विभाग को मिली है। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा बाजपेई का कहना है कि शिकायत के आधार पर भगतपुर टांडा ब्लॉक के लोगों की जांच कराई जाएगी। मामले में एडीओ पंचायत से जवाब मांगा गया है। किस आधार पर पात्रों की जांच की गई थी। यदि अपात्र जोड़े जांच में पाए गए तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिछली बार विधायक की शिकायत पर हुई थी जांच
बता दें कि पिछले साल भी सामूहिक शादियों के बाद कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने सवाल उठाया था। मामला शासन तक पहुंचने के बाद डीएम ने एआर कोआपरेटिव अमरेंद्र कुमार से भगतपुर टांडा ब्लॉक की जांच कराई थी। जांच के दौरान कई 37 अपात्र सामने आए। कई लोगों को पूरा उपचार भी नहीं मिला था। इस मामले में एडीओ प्रशांत कुमार को शासन ने निलंबित कर दिया। हालांकि इस मामले में निलंबित तीन सचिव कुछ माह बाद बहाल हो गए थे।