मुरादाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना घोटाला मामले में दो लोगों के निलंबन के साथ एक ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी ने इस मामले में पत्र जारी कर दिया है।
सामूहिक विवाह के दौरान उपहार सामग्री के भुगतान में गड़बड़ी करने पर शासन ने समाज कल्याण मुख्यालय के उप निदेशक सुधीर कुमार को जांच करने के निर्देश दिए।
पिछले साल 25 दिसंबर को मुरादाबाद में 567 जोड़ों का विवाह कराया गया था। सभी जोड़़ो को उपहार सामग्री भी दी गई थी। सामग्री सप्लाई के लिए एक फर्म को नामित किया गया था। समाज कल्याण निदेशालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक फर्म की ओर से उपहार सामग्री की सप्लाई नहीं दी गई और भुगतान भी कर दिया गया। जांच अधिकारी ने अनियमितता पाए जाने पर पहले एडीओ प्रशांत कुमार को निलंबित कर दिया। इसके बाद कार्यालय के प्रधान सहायक हरिशंकर सिंह को दोषी पाते हुए निलंबित करने और कुंदरकी क्षेत्र के एक ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस बारे में उप निदेशक समाज कल्याण ने पुष्टि की है लेकिन जिला समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि उनको पत्र नहीं मिला है। शुक्रवार को भी प्रधान सहायक ड्यूटी कर रहे थे।