बिलासपुर। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रहा राजमिस्त्री सोनू कश्यप चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बृहस्पतिवार सुबह लालकुआं से पुरानी दिल्ली जाने के दौरान कुर्थिया गांव के रेलवे फाटक के पास हुई। वह ट्रेन के डिब्बे के गेट पर बैठा था।
नगर के मोहल्ला सिंह कॉलोनी शिव बाग मंडी गेट निवासी सोनू कश्यप के अनुसार वह अपनी पत्नी के साथ उत्तराखंड के कस्बा की किच्छा स्थित अपनी ससुराल गया था। वहां से वह अपने साले सतीश के साथ हरियाणा स्थित एक धार्मिक स्थल पर जा रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह वह लालकुआं रेलवे स्टेशन से पुरानी दिल्ली के लिए संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में परिवार के साथ निकला था। वह ट्रेन के डिब्बे के गेट पर बैठा था। कुर्थिया गांव के रेलवे फाटक के नजदीक पहुंचते ही सोनू को अचानक चक्कर आ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
रेलवे पटरी पर काम कर रहे लोगों ने 108 एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद