मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के सूर्यनगर निवासी नीतू उर्फ सरिता की बृहस्पतिवार की रात जहर के सेवन से माैत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पति समेत छह ससुरालियों पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी जहर से मौत होने की पुष्टि हुई है।
संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के पवांसा निवासी सुखवीर राघव ने करीब 11 साल पहले अपनी बेटी नीतू उर्फ सरिता की शादी मझोला के सूर्यनगर निवासी रचित के साथ की थी। दंपती का आठ साल का बेटा अभिमन्यु है। नीतू के भाई गौरव ने मझोला थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बहनोई रचित और उनके परिजन दहेज को लेकर आये दिन उसकी बहन नीतू के साथ मारपीट करते थे। कई बार समझाने के बाद भी उनके व्यवहार में बदलाव नहीं आया।
पिता सुखवीर राघव ने जमीन बेच कर पांच लाख रुपये रचित को ठेकेदारी करने के लिए दिए थे। बृहस्पतिवार की रात पति और ससुरालियों ने एक नीतू पर दबाव बनाया कि वह अपने मायके से रुपये लेकर आए। नीतू ने विरोध किया तो पति, ससुर, देवर, सास और ननद समेत छह लोगों ने उसे कमरे में बंद कर मारपीट की और जहर खिला दिया। जानकारी मिलने पर मायके आ गए तो पता चला कि उसे दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में ले गए हैं, जहां उसकी मौत हो गई है। इसके बाद ससुराल वाले मौके से भाग गए।
सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।