पाकबड़ा (मुरादाबाद)। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक युवती ने शादी के चार माह बाद ही पति का साथ छोड़कर प्रेमी के साथ मंदिर में फेरे लेकर दूसरी शादी कर ली।
गांव निवासी एक युवती का प्रेम संबंध गांव के ही युवक के साथ था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन युवती के परिजन शादी को तैयार नही हुये। युवती के परिजनों ने उसकी शादी जून माह में महानगर के लाइनपार निवासी एक युवक के साथ कर दी। शादी के बाद भी युवती अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही और पति का घर छोड़ कर अपने पिता के घर आ गई। युवती को काफी समझाने के प्रयास किये गये लेकिन युवती अपने पति के घर नही गई। शुक्रवार सुबह युवती अपना घर छोड़ कर सीधे महिला थाने जा पहुंची और वहां पर अपने परिजनों से अपनी जान को खतरा बता दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी तो सभी को मौके पर बुला लिया गया। युवती ने अपने पति के साथ रहने से इंकार कर दिया। वह अपने प्रेमी से अपनी शादी करने की मांग करती रही। परिवार को उसकी जिद के आगे झुकना पड़ा और युवती और उसके पति को अलग अलग कर दिया। युवती की शादी उसकी प्रेमी से महिला थाने के पास बने मंदिर में करा दी गई। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ। एसओ महिला थाना ज्योति सिंह ने बताया कि युवती की दूसरी शादी के संबंध में जानकारी नहीं है।