मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के घोंडा की मिलक में निजी फाइनेंस कंपनी के मैनेजर अनिल कुमार की पत्नी रीना की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रीना के गले पर चोट का निशान मिला है। रामपुर जिले के शहजाद मेघा नगला निवासी किसान सूरज सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रीना राजपूत (22) की शादी डेढ़ साल पहले मूंढापांडे के घोंडा की मिलक निवासी अनिल कुमार के साथ की थी। अनिल अमरोहा के गजरौला में निजी फाइनेंस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही अनिल, उसके, मां और भाई व बहन दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। रीना ने इसकी शिकायत अपने मां-बाप से की। उन्होंने अनिल और उसके परिवार के लोगों को समझाया लेकिन उनके व्यवहार में कोई अंतर नहीं आया। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई। जब मायके वाले घोंडा की मिलक पहुंचे तो रीमा की लाश चारपाई पर पड़ी थी। उसके गले पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और ससुराल वालों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि रीना ने अपने कमरे में दीवार में लगे कुंडे से दुपट्टे को फंदा लगाकर लटककर जान दी है। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने ही लटकाकर हत्या की है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।