अमरोहा के थाना धनोरा में बुधवार सुबह मुस्तकाम निवासी बाली पुत्र सुखीराम की पुलिस हिरासत में हुई मौत के बाद परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया। हिरासत में हुई मौत से प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने मृतक के शव को अमरोहा भेज दिया।
मौत की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सकते में आ गए और उन्होंने थाना धनोरा पहुंचकर हंगामा किया। हंगामे की जानकारी मिलते ही अमरोहा, संभल और मुरादाबाद जनपद से भारी मात्रा में फोर्स को थाना धनोरा बुला लिया गया है।
परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि पुलिस की पिटाई के कारण ही बाली की मौत हुई है। परिजन शव को अमरोहा से धनोरा मंगाने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर चांदपुर मार्ग पर जाम लगाने की तैयारी कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे एसडीएम की गाड़ी में तोड़फोड़ की। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक घर में घुसा कर भीड़ से बचाया।
बताया जाता है की मुस्तकाम निवासी बाली पुत्र सुखीराम (उम्र 30 वर्ष) ने लगभग 1 वर्ष पूर्व हापुड़ से किसी दलाल के माध्यम से एक कार खरीदी थी। लेकिन पुलिस को सूचना मिली कार के कागजात फर्जी हैं। रविवार की रात इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस बाली को गांव से थाने लेकर आई थी।
परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी बाली को छोड़ने के लिए 500000 रुपए की मांग कर रहे थे। मंगलवार की रात 100000 रुपए थाना धनोरा में तैनात निरीक्षक रघुराज सिंह को दिए गए थे।