उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक नौकरानी ने रात में साथ चलने से इनकार किया तो गुस्साए रिटायर्ड जिला सूचना अधिकारी ने सवेरे नौकरानी के घर पहुंचकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसी दौरान रिटायर्ड अधिकारी ने मृतका की बेटी को तमंचे की बट से प्रहार कर घायल कर दिया।
दिव्यांग पति ने इस तरह बचाई जान
महिला के दिव्यांग पति ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर अपनी व अन्य परिजनों की जान बचाई। पुलिस ने आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। स्वार थाना इलाके के छिद्दावाला गांव में रिटायर्ड जिला सूचना अधिकारी सोमपाल सिंह (64) अकेले रहते हैं। उनकी पत्नी बेटे के साथ मायके में रहती हैं। रिटायर्ड जिला सूचना अधिकारी ने खाना बनाने व घरेलू कार्य करने के लिए गांव निवासी जगरेश सिंह की पत्नी हूरवती (40) को काम पर रखा था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात सोमपाल सिंह हूरवती के घर पहुंचे और उसे साथ ले जाने की जिद करने लगे। इस पर परिजनों ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई तो वह चले गए।
सिर में मारी गोली
आरोप है कि शनिवार सुबह लगभग आठ बजे सोमपाल सिंह पुन: महिला के घर आए और बाहर खड़ी हूरवती से गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। महिला के विरोध करने पर सोमपाल सिंह कुछ देर बाद हाथ में तमंचा लेकर पहुंचे और हूरवती के सिर में गोली मार दी।