ठाकुरद्वारा। परंपरागत खेती से हटकर ड्रैगन फ्रूट की खेती कर किसान महावीर सिंह की किस्मत मालामाल हो रही है। साढ़े सात बीघा खेत में ड्रैगन फ्रूट उगाकर वह सालभर में करीब सात लाख रुपये कमा लेते हैं, जबकि इतने क्षेत्रफल में गेहूं और धान की खेती से महज 60 से 70 हजार रुपये ही आमदनी हो सकती है। ऐसे में ड्रैगन की खेती महावीर के लिए फायदेमंद साबित हो रही है।
क्षेत्र में करीब 50 हजार किसान परंपरागत खेती से जुड़े हुए हैं लेकिन एक किसान ऐसे भी है जो परंपरागत खेती से अलग हटकर ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रहे हैं और साल भर में लाखों रुपये कमा रहे हैं। यह कार्य क्षेत्र के गांव मदारपुर के किसान महावीर सिंह ने शुरू किया है। उन्होंने बताया कि ड्रैगन फ्रूट की खेती करते हुए उन्हें करीब एक वर्ष हो चुका है। एक वर्ष में उन्होंने करीब सात लख रुपए कमा लिए हैं।
मदारपुर गांव के किसान महावीर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी साढ़े सात बीघा भूमि पर ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू की है। महावीर सिंह ने बताया कि ड्रैगन फ्रूट की खेती बहुत कम लागत में तैयार हो जाती है। इसका पौधा तैयार करने के बाद फल आने का इंतजार करना पड़ता है। इसके पौधे फरवरी में लगाए जाते हैं उसके लिए एक स्ट्रेचर बनाया जाता है जो बड़ा होने पर जून में फल देने लगता है। ड्रैगन फ्रूट की मांग तेजी से बढ़ रही है पहले वह मुरादाबाद की मझोला मंडी में ड्रैगन फ्रूट बेचने जाते थे लेकिन अब लोगों को पता चल गया है तो लोग उनके फार्म से आकर ड्रैगन फ्रूट ले जाते हैं। उन्होंने बताया कि खेती के लिए उन्होंने अपने प्लॉट में 20-25 स्टेचर खड़े किए हैं परिवार के लोग भी खेती में उनका सहयोग करते हैं। बजन के हिसाब से ड्रैगन फ्रूट की बिक्री होती है। संवाद
अब छोटे किसान भी कर रहे ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए संपर्क
महावीर ने बताया कि उन्होंने ही ठाकुरद्वारा क्षेत्र में ड्रैगन फ्रूट का की खेती शुरू की है। इसका पता चलने पर छोटे किसान भी उनके पास आ रहे हैं और वह ड्रैगन फ्रूट के दो-चार पौधे ले जाकर अपने खेत में लगाकर देख रहे हैं। एक साल में उन्होंने करीब सात लाख रुपये की कमाई कर ली है। जबकि इतने क्षेत्रफल में धान और गेहूं की खेती होने पर 60-70 हजार रुपये की आमदनी ही होगी। कृषि विज्ञान केंद्र मलपुरा के वैज्ञानिक दीपक कुमार ने बताया कि महावीर सिंह के ड्रैगन फ्रूट की खेती करने से अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं। यह बहुत लाभ की खेती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फैन हैं महावीर
ठाकुरद्वारा। किसान महावीर सिंह ड्रैगन फ्रूट की खेती के साथ-साथ देश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी फैन हैं। उन्होंने अपनी फार्म का नाम योगी ड्रैगन फ्रूट फार्म रखा है। उनका कहना है कि योगी आदित्यनाथ एक अच्छे मुख्यमंत्री हैं सभी के हित के लिए कार्य कर रहे हैं।
फोटो 2,3, 4 ठाकुरद्वारा के गांव मदारपुर में ड्रैगन फ्रूट की खेती करते किसान महावीर सिंह। संवाद