फंदे पर प्रेमी का शव देख प्रेमिका फूट-फूट रोई। कुछ दूर जाकर दूसरे पेड़ से लटककर दे दी अपनी भी जान दे दी। यह मार्मिक घटना ठाकुरद्वारा के सुरजन क्षेत्र के एक गांव में घटी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
युवक की खुदकुशी का कारण प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से उसका तनाव में होना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब नौ बजे युवक घर से खाना खाकर निकला था। पूरी रात वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने रात में ही उसकी तलाश की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार को सुबह करीब पांच बजे गांव के कुछ लोग अपने खेत पर जा रहे थे। तभी उन्होंने युवक का शव एक पेड़ पर लटका देखा।
उन्होंने इसकी सूचना युवक के परिजनों को दी। जानकारी मिलने पर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इधर, प्रेमिका भी मौके पर आ गई। युवक के लटके शव को देखकर रोने लगी और उसने करीब 400 मीटर जाकर दूसरे खेत में पेड़ पर अपने दुपट्टे का फंदा बनाकर झूल गई।
कुछ देर बाद पुलिस और भी वहां आ गए। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चर्चा है कि युवती और युवक के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे।
लेकिन दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। युवती के परिजनों ने युवती की शादी किसी अन्य गांव के युवक के साथ तय कर दी। इसकी जानकारी युवक को मिली तो युवक इसे बर्दाश्त नहीं कर पाया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ विशाल यादव और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पवार भी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने घटना के संबंध में ग्रामीणों और दोनों मृतकों के परिजनों से पूछताछ की। सीओ विशाल यादव का कहना है कि दोनों युवक युवती की ओर से प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। दोनों में करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही जाति के हैं। दोनों के शव पीएम के लिए भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमी युगल की मौत से दो घरों में मातम, गांव की सड़कों पर छाया सन्नाटा ठाकुरद्वारा। प्रेमी युगल की मौत से दोनों के परिजन बेहद सदमे में हैं। दोनों के परिवार में मातम का माहौल है। युवक बीएड की पढ़ाई कर रहा था। जबकि युवती ने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। घटना के बाद गांव में सन्नाटा छाया हुआ है।