मंडल के दौरे पर आए नार्दर्न रेलवे के जीएम आरके कुलश्रेष्ठ ने कहा कि चंदौसी में पटरी काटने की कोशिश की गई है। इस मामले की जांच इंटेलीजेंस एजेंसियों से कराई जाएगी। मामले में आरपीएफ और लोकल पुलिस की भी मदद ली जाएगी।
कानपुर की घटना को देखते हुए पटरी काटने की घटना को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। जीएम ने कहा कि इस घटना पर रेलवे हेड क्वार्टर पूरी नजर रखे हुए है। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।
गुरुवार को मुरादाबाद मंडल के दौरे पर आए जीएम आरके कुलश्रेष्ठ ने स्टेशन के निरीक्षण के बाद पत्रकार वार्ता में कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे पहले से ज्यादा गंभीर है। चंदौसी-अलीगढ़ रूट पर पटरी काटने की कोशिश के सवाल पर जीएम ने कहा कि मामला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। जो काफी गंभीर है।
मौके पर सीनियर डीएसई सहित दूसरे आला अधिकारियों को भेजा गया है। मौके पर आरी मिली है। मामले में तत्काल रिपोर्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। जीएम ने कहा कि कानपुर रेल हादसे में आतंकी साजिश की बात सामने आई थी, ऐसे में इस घटना की जांच भी इंटेलीजेंस एजेंसियों से कराई जाएगी।
स्थानीय स्तर पर आरपीएफ और जीआरपी अपने-अपने बिंदुओं पर जांच करेगी। ट्रैक सुरक्षा के सवाल पर उन्हाेंने कहा कि ट्रैक पर नियमित पेट्रोलिंग कराई जाती है। पेट्रोलिंग में ही मामला पकड़ में आया हैै। मंडल में 2700 किमी ट्रैक है। हर जगह सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं किए जा सकते। दोबारा ऐसी घटना न हो इसके लिए सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।