मुरादाबाद। पति पत्नी, चाचा भतीजा, जीजा साला सभी ने मिलकर गिरोह बनाया और डकैती डालने लगे। दो साल में ही कुल 12 वारदातों को अंजाम दे डाला। मुरादाबाद में भी तीन घटनाओं को अंजाम दिया जबकि हाल ही में यहां टाइल्स फैक्टरी में डकैती डाली। पुलिस ने इन सभी को धर दबोचा और यह दावा करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने मंगलवार को पुलिस लाइन में वारदात का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ग्यारह जनवरी की रात कटघर थानाक्षेत्र के काशीपुर रोड स्थित मास्टर टाइल्स शोरूम में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। बदमाशों ने शोरूम स्वामी जाहिद हुसैन और चालक को बंधक बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
मंगलवार को पुलिस ने एक महिला समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीप चंद्र, भारत, बृजपाल निवासी ईशापुर निगोही जिला शाहजहांपुर और अशोक निवासी महरारा बधिक सहपऊ जिला हाथरस और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। जबकि रोहित, तेजपाल उर्फ कन्हैया व किशनपाल निवासी ईशापुर निगोही जिला शाहजहांपुर फरार हैं। गिरफ्तार महिला रोहित की पत्नी है। उन्होंने बताया कि पति पत्नी ही इस गिरोह को संचालित कर रहे थे।
टार्च बेचने के नाम पर पहले करते थे रेकी
एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी एलईडी, टार्च, साइकिल पंप व प्लेट बेचने के बहाने क्षेत्र की रेकी करते थे। इसके बाद रात को मौका पाकर गिरोह घटनाएं करने पहुंच जाते थे। घटना करने के बाद आरोपी बदमाश दुकान और शोरूम में वारदात करने के बाद वहां से सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर ले जाते थे। इसके बाद लूटे गए माल को कम दामों पर बेच देते थे।आरोपी हरथला और अगवानपुर में रेलवे लाइन किनारे खानाबदोशों की तरह रहते थे। मंगलवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी बदमाश अदालत में पेश किए। जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस नहीं कर पाई थी फायर
टाइल्स फैक्टरी की घटना काफी चर्चित हुई थी। कारण कि वारदात के दौरान ही यहां पुलिस पहुंच गई थी लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग करनी चाही पर पिस्टल दगा दे गई। इस मामले में चौकी इंचार्ज और एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
पीड़ित ने दिया दस हजार का चेक
इस मामले में जहां डाका हुआ था वहां के फैक्टरी मालिक दस हजार रुपये का चेक लेकर पहुंचे। कहा कि पुलिस इस इनाम की हकदार है पर एसपी सिटी ने इसे लौटा दिया। कहा कि वह इस रकम को समाज सेवा में खर्च कर सकते हैं। पुलिस इनाम नहीं लेगी।
एक सप्ताह के अंतराल में दोबारा इसी क्षेत्र में की वारदात
मुरादाबाद। एसपी सिटी ने बताया कि 11 जनवरी को गिरोह ने डकैती की वारदात की थी। पुलिस बदमाशों को पकड़े के प्रयास के दावे करती रही। लेकिन बदमाश एक सप्ताह बाद फिर से इस क्षेत्र में पहुंचे और एक दुकान का शटर उखाड़कर फिर से वारदात को अंजाम दिया।
खानाबदोश की तरह रहते और करते रेकी
मुरादाबाद। पकड़े बदमाश एक ही कुनबे के हैं। आपस में चाचा भतीजे, जीजा बहनोई हैं। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूला है कि वह वारदात करने से पहले सामान बेचने के बहाने जाते हैं और रेकी करने के बाद वारदात करते।