देश में चुनावी पारा जैसे-जैसे चढ़ रहा है नेताओं के बयान भी राजनीतिक माहौल को गर्मा रहे हैं। यहां तक तो ठीक है लेकिन जब राजनीतिंक रंजिश में अपना फायदा तलाशने के लिए नेता अपनी सीमाओं को लांघ जाते हैं तो अजीब स्थिति हो जाती है।
ऐसा ही एक मामला सामने आया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने समाजवादी पार्टी के नेता फिरोज खां को नोटिस जारी किया है। कहा जा रहा है कि फिरोज खां ने हाल ही में भाजपा में शामिल हुई अभिनेत्री जया प्रदा को लेकर सांकेतिक रूप से अभद्र और विवादित टिप्पणी की थी।
गौरतलब है कि जया प्रदा पहले समाजवादी पार्टी में थी और अब भाजपा का दामन थाम चुकी हैं। चूंकि फिरोज खां भी समाजवादी पार्टी से हैं और रामपुर में उनकी पार्टी से दिग्गज नेता आजम खां चुनाव मैदान में उतरे हैं।
चर्चाएं हैं कि इस बार जया प्रदा के आजम खां के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला एकतरफा नहीं रहा गया है। माना जा रहा है कि सपा नेता फिरोज खां ने इसी पृष्ठभूमि में जया प्रदा पर निशाना साधा है लेकिन वे अपनी शाब्दिक मर्यादा को भूल बैठे। इसलिए महिला आयोग ने उनकी टिप्पणी पर नोटिस जारी कर दिया है।