लोकसभा चुनावों में मंगलवार से दिग्गज नेताओं के नामांकन के साथ ही सियासी संग्राम भी तेज हो जाएगा। मंगलवार को सपा-बसपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी मोहम्मद आजम खां और कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर नामांकन करेंगे।
लोकसभा चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दलों की बिसात बिछ चुकी है। कांग्रेस, भाजपा, सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों के साथ ही तमाम क्षेत्रीय दल और निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम भी सामने आ चुके हैं। नामांकन की प्रक्रिया चार अप्रैल तक चलेगी, अभी तक किसी बड़े चेहरे ने नामांकन नहीं किया है। लेकिन, मंगलवार से नामांकन में सियासी दिग्गज उतरने शुरू हो जाएंगे। मंगलवार को गठबंधन के प्रत्याशी मोहम्मद आजम खां और कांग्रेस के प्रत्याशी संजय कपूर नामांकन दाखिल करेंगे।
बुधवार को भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा नामांकन दाखिल करेंगी। इसके साथ ही सियासी पारा भी बढ़ेगा। नामांकन के बाद सभी प्रत्याशी चुनाव मैदान में जोर-शोर से उतरेंगे और ताबड़तोड़ जनसभाएं करेंगे। नामांकन के बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा तो कई सियासी दिग्गज और फिल्मी सितारे भी रामपुर में नजर आएंगे।
कांग्रेस से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और नवजोत सिंह सिद्धू प्रचार के लिए आ सकते हैं तो सपा-बसपा गठबंधन से मायावती और अखिलेश यादव आ सकते हैं। इसके साथ ही जयाप्रदा के समर्थन में भी भाजपा के कई दिग्गज आएंगे। सोमवार को प्रेसवार्ता में जयाप्रदा ने यह साफ कहा कि उनके बुलाने पर तमाम फिल्म अभिनेता प्रचार को आएंगे।