फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जया पर विवादित टिप्पणी के बाद बुरे फंसे आजम, महिला आयोग का नोटिस, एफआईआर दर्ज

Mon, 15 Apr 2019 03:50 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी नेता आजम खान की रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा पर की गई विवादित टिप्पणी पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। आजम खान के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर अब केस दर्ज हो गया है। वहीं महिला आयोग भी आजम खान को नोटिस भेज दिया है। आजम खान की टिप्पणी से आहत जया प्रदा का भी बयान आया है। 
विज्ञापन


आजम खान की सफाई
सोमवार सुबह आजम खान ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि बयान में किसी का नाम नहीं लिया गया, अगर वह दोषी साबित होंगे तो चुनाव नहीं लड़ेंगे। आजम खान ने कहा कि मैं रामपुर से नौ बार विधायक रहा हूं, इतना मुझे पता है क्या कहना है, अगर कोई यह साबित कर दे कि मैंने किसी नाम लिया और उसपर टिप्पणी की, तो मैं चुनाव से हाथ पीछे कर लूंगा।

आजम खान के खिलाफ केस दर्ज
इसके बाद जया प्रदा को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर आजम खान के खिलाफ रामपुर के शाहबाद थाने में केस दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट ने उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कराया।  IPC की धारा 509 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
विज्ञापन


जया प्रदा का आजम पर पलटवार
इसके तुरंत बाद आजम खान की टिप्पणी पर जया प्रदा का बयान आया है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए कोई नई बात नहीं है। जया प्रदा ने कहा कि आजम ने हद पार कर दी है। मेरा चरित्र हनन किया जा रहा है। हमारी रक्षा कौन करेगा।

जयाप्रदा ने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। अगर वह जीत गए, तो लोकतंत्र का क्या होगा? समाज में महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं होगी। हम कहां जाएंगे? क्या मुझे मर जाना चाहिए, तब आप संतुष्ट होंगे? आप सोचते हैं कि मैं डर जाऊंगी और रामपुर छोड़ दूंगी? लेकिन मैं नहीं छोड़ूंगी। आजम खान को हराकर छोड़ूंगी। आजम खान आदत से मजबूर हैं। वो सुधर नहीं सकते हैं। 


 

महिला आयोग ने भेजा नोटिस

इसके बाद आजम खान की टिप्पणी पर राष्ट्रीय महिला आयोग भी संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि वह हमेशा महिलाओं के बारे में गंदी बात करते हैं, इस चुनाव में यह दूसरी टिप्पणी है, जो उन्होंने की, राष्ट्रीय महिला आयोग उन्हें नोटिस भेज रहा है। 

रेखा शर्मा ने कहा कि हम चुनाव आयोग को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए भी लिख रहे हैं, क्योंकि उन्हें सबक सीखना होगा। मुझे लगता है, महिला मतदाताओं को इस तरह के लोगों के खिलाफ मतदान करना चाहिए जो इस तरह से महिलाओं के खिलाफ बयान देते हैं। 
 

भीष्म पितामह! आपके सामने 'द्रोपदी' का चीरहरण हो रहा है
सोमवार की सुबह सुषमा स्वराज ने अपने ट्विटर एकाउंट से ट्वीट कर समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह के मौन पर टिप्पणी की है। उन्हें पार्टी का भीष्म पितामह संबोधित करते हुए लिखा है कि मुलायम भाई, आप समाजवादी पार्टी के पितामह हैं। आपके सामने रामपुर में द्रौपदी का चीर हरण हो रहा हैं। आप भीष्म की तरह मौन साधने की गलती मत करिए।

अमर सिंह बोले चंगेज खान का प्रतीक हैं आजम खान
अमर सिंह ने आजम खान को चंगेज खान का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि आजम ने महिलाओं के आबरू को तार-तार किया है। यह बयान उनके घटिया सोच को दर्शाता है। अमर सिंह ने कहा, मालिक ने इंसान को इंसान बनाया लेकिन आजम ने हिन्दू-मुसलमान बनाया। इतना ही नहीं अमर सिंह ने आजम खान को राक्षसी प्रवृत्ति का भी बताया। उन्होंने आजम को दोहरे मापदंड वाले व्यक्ति बताया और कहा कि वह नफरत की राजनीति करते हैं। 
विज्ञापन

आजम का बयान निंदनीय, करवाई करें चुनाव आयोग और अखिलेश: कांग्रेस

कांग्रेस ने आजम खान की आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा करते हुए सोमवार को कहा इस पर चुनाव आयोग और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को आजम के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट कर कहा, "जया प्रदा पर आजम खान की टिप्पणी का स्तर भद्दा और तुच्छ है। ऐसे बयान एक जीवंत लोकतंत्र के लिए अपमानजनक है।" उन्होंने कहा, 'आशा करता हूं कि चुनाव आयोग और अखिलेश यादव इसका संज्ञान लेंगे तथा कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।' सिंघवी ने कहा, 'निश्चित तौर पर आज़म खान का बयान निंदनीय है। राजनीति में उन लोगों के लिए कोई जगह नहीं है जो विरोधियों की आलोचना करते हुए मर्यादित विमर्श बरकरार नहीं रख सकते हैं।'

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजम खान के आपत्तिजनक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये समाजवादी पार्टी की सोच और संस्कृति दिखाता है। सपा अध्यक्ष और मायावती की चुप्पी चौंकाने वाली है जबकि मायावती खुद भी महिला हैं। आजम खान का बयान बेहद अपमानजनक है जो उनकी घटिया सोच दिखाता है। 

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आजम खान के आपत्तिजनक बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एक महिला को लेकर ऐसे बयान दिए जा रहे थे और सपा के नेता चुपचाप बैठे थे। मैं उनसे कहना चाहती हूं कि राजनीति अपनी चगह है और भारत में महिलाओं का सम्मान अपनी जगह है। 
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें