कांठ। क्षेत्र के उमरी कलां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार की दोपहर 1:16 बजे गेट में ताला लगा था। दाद-खाज, खुजली की दवाई लेने आए उमरी कलां के मोहल्ला चौधरियान निवासी वकील कुरैशी और सीमेंट मिश्रण से हुई एलर्जी की दवाई लेने आए मोहल्ला आबिदपुरा के मोहम्मद असलम ने बताया कि वह दोनों शनिवार को भी जब दवाई लेने आए थे, तब भी अस्पताल बंद मिला था और अब भी बंद है। वह आज भी वापस लौट रहे हैं। पास में रहने वाले रहमान ने कहा कि इस अस्पताल के बंद होने का कोई वक्त नहीं है, कभी भी बंद कर दिया जाता है। जबकि कस्बे के साथ ही पास के गांव डेहरा, हरिनुरपुर आदि से भी यहां मरीज आते हैं। हाजी अनीस ने बताया कि अस्पताल खुलता तो है, मगर पहले ही बंद हो जाता है। जावेद बोले अस्पताल खुलता है, मगर ऐसे ही। बता दें कि पीएचसी उमरी कलां में मात्र एक चिकित्सक और एक ही वार्ड बॉय नियुक्त है। सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि पीएचसी उमरी कलां में पर्याप्त दवाइयां हैं। जरूरत पड़ने पर सीएचसी से भी दवाइयां भेजी जाती हैं। पीएचसी खुलने का समय वर्तमान में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक है। साफ-सफाई के लिए नगर पंचायत उमरी कलां के सफाई कर्मचारियों की मदद ली जाती है।