कांठ। तहसील क्षेत्र के गांव महदूद कलमी में एक चकरोड पर वर्षों से किए हुए अवैध कब्जे को सोमवार को तहसील प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में हटवाया। इस दौरान कुछ व्यवधान भी हुए लेकिन राजस्व टीम ने कार्रवाई को जारी रखा।
नायब तहसीलदार कांठ सिद्धार्थ सक्सेना के नेतृत्व में गठित राजस्व टीम और पुलिस गांव महदूद कलमी पहुंची। एक चकरोड पर किए हुए अवैध कब्जे को जेसीबी से हटवाना शुरू किया तो कुछ लोग कथित रूप से विरोध करने लगे। लेकिन प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई को जारी रखते हुए चकरोड को कब्जा मुक्त कराया। नायब तहसीलदार सिद्धार्थ सक्सेना ने बताया कि चकरोड को ग्रामीणों की आवाजाही के लिए खुलवा दिया गया है। अब जल्द ही ब्लॉक प्रशासन को पत्र भेजकर चकरोड पर मिट्टी डलवाकर इस पर बेहतर कनेक्टिविटी कराई जाएगी। ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। वहीं दूसरी ओर एसडीएम स्निग्धा चतुर्वेदी ने बताया कि गांव मानपुर मुजफ्फरपुर में ग्राम समाज की भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को शिकायत के बाद रुकवाया गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम समाज की भूमियों, चकमार्गों को कब्जा मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जोकि निरंतर जारी रहेगा।