अमर उजाला और एलएलसी के संयुक्त तत्वावधान में लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित हुई एलएलसीटेन10 के पहले सीजन की ट्रॉफी वेंकटेश्वरा लायंस मुरादाबाद के नाम रही।
वेंकटेश्वरा लायंस ने एलएलसीटेन10 में एक भी मैच न हारने वाली ब्रज वॉरियर्स को 6 विकेट से हराकर ये खिताब अपने नाम किया। लखनऊ से मुरादाबाद लौटी टीम का गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी में भव्य स्वागत किया गया। खुली जीप में बैठे खिलाड़ियों को ढोल की थाप और पुष्प वर्षा करते हुए सभागार तक ले जाया गया। सभागार में खिलाड़ियों के स्वागत में सारेगामापा फेम गायक विजय प्रकाश ने अपने गानों से विजेता टीम को थिरकने पर मजबूर कर दिया। विजय के गानों पर खिलाड़ियों ने जमकर डांस किया।
इस मौके पर वेंकटेश्वरा समूह के संस्थापक व अध्यक्ष डॉ. सुधीर गिरी ने कहा कि हमें अपने खिलाड़ियों पर नाज है, जिन्होंने 12 टीमों के बीच अपने प्रदर्शन के दम पर एलएलसीटेन10 की ट्रॉफी जीती है। उन्होंने खिलाड़ियों को 5 लाख रुपये की राशि प्रोत्साहन के रूप में दी। इस मौके पर आईपीएस अमित कुमार आनंद, प्रति कुलाधिपति वेंकटेश्वरा विवि. डॉ. राजीव त्यागी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। डॉ. राजीव ने कहा कि आज भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि एक सर्वमान्य धर्म है।
खिलाड़ियों के स्वागत समारोह में जुटे सैकड़ों लोग
संस्थान परिसर में वेंकटेश्वरा लायंस टीम के स्वागत समारोह में सीईओ अजय श्रीवास्तव, मुख्य टीम कोच अमन लिट, युवा मोर्चा अध्यक्ष शुभम चौधरी, कुलपति प्रो. (डॉ.) कृष्णकान्त दवे, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. एना एरिक ब्राउन, डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. शिल्पा रैना, अरुण गोस्वामी, डॉ. योगेश्वर शर्मा, डॉ. नीतू पंवार, डॉ. श्रीराम गुप्ता, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. आशुतोष, डॉ. टीपी सिंह, डॉ. राजवर्धन, डॉ. विश्वनाथ झा उपस्थित रहे।