ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद रोड पर शनिवार सुबह 11 बजे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एलएलबी के छात्र मोहम्मद नाजिम (40) की माैत हो गई। जबकि बाइक चला रहे उनके भाई मोहम्मद आसिफ (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डंपर को माैके पर छोड़कर भाग गया।
थाना डिलारी के गांव कांकरखेड़ा निवासी मोहम्मद आसिफ (45) तहसील मुख्यालय पर जरीफ मलिक एडवोकेट के चैंबर पर प्रैक्टिस करते हैं। वे शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे अपने छोटे भाई मोहम्मद नाजिम (40) के साथ बाइक से ठाकुरद्वारा आ रहे थे। मोहम्मद नाजिम भी एलएलबी की पढ़ाई कर रहे थे और भाई के साथ ही बैठते थे। बाइक को मोहम्मद आसिफ चला रहे थे जबकि छोटे भाई मोहम्मद नाजिम पीछे बैठे हुए थे। तभी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। डंपर से मोहम्मद नाजिम का सिर कुचल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस से दोनों भाइयों को नगर के सरकारी अस्पताल में लाया गया।
डॉक्टर ने मोहम्मद नाजिम को मृत घोषित कर दिया। जबकि मोहम्मद आसिफ एडवोकेट को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से रेफर कर दिया गया। पुलिस भी अस्पताल आ गई। मोहम्मद नाजिम के शव का पंचायत नामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि डंपर और बाइक को कब्जे में लिया गया है। डंपर के चालक की तलाश की जा रही है। डंपर चालक के खिफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोहम्मद नाजिम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
उधर, सपा विधायक नवाब जान खां ने जिला प्रशासन से आबादी वाले क्षेत्र में दौड़ने वाले डंपरों पर दिन के समय में रोक लगाने की मांग की है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में डंपरों से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। इन्हें दिन में चलने से रोकने की मांग लगातार पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से की जा रही है लेकिन उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। आबादी में दाैड़ने वाले डंपरों से तीन माह में सात लोगों की जान जा चुकी है।