मुरादाबाद। एलएलबी, एलएलएम और एमएड की प्रवेश परीक्षा 15 जुलाई होगी। इसके लिए जिले के चार महाविद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाया गया हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
गुरु जंभेश्वर विवि से संबंधित महाविद्यालयों में एलएलबी, एलएलएम और एमएड के पहले वर्ष में प्रवेश के लिए करीब चार हजार छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। विवि से संबद्ध महाविद्यालय में कुल पांच हजार सीटें हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए 15 जुलाई को प्रवेश परीक्षा है। प्रवेश परीक्षा के लिए जिले के दयानंद कॉलेज, केजीके कॉलेज, हिंदू कालेज और एमएच कॉलेज में प्रवेश परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके साथ ही बिजनौर में भी वर्धमान कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
00
ऐसे करें प्रवेश पत्र डाउनलोड
- एलएलबी, एलएलएम और एमएड में प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके लिए अभ्यर्थियों को जीजेयूएम समर्थ प्रवेश पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। अभ्यर्थी यहां पर अपने डैसबोर्ड में जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के दिन प्रवेश पत्र की फोटो कॉपी के साथ वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। विवि के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने बताया कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के बिना परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र से संबंधित कोई भी परेशानी हो तो वह समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 05912976525 पर संपर्क कर सकता है।
00
26 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं
- गुरु जंभेश्वर विवि में स्नातक में प्रवेश प्रक्रिया 24 जुलाई तक पूरी कर ली जाएंगी। 26 जुलाई से कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। विवि कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने बताया कि स्नातक, परास्नातक में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए कक्षाओं में उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया गया है। अगर किसी भी महाविद्यालय में नियमित कक्षाएं नहीं चलीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।