मुरादाबाद नगर निगम चुनाव का परिणाम साफ हो चुका है। अंतिम राउंड की गिनती खत्म होने के बाद भाजपा के विनोद अग्रवाल 21555 वोटों से पहले स्थान पर रहे। जिलाधिकारी ने उन्हें विजयी घोषित कर जीत का प्रमाण पत्र सौंपा है।
विनोद अग्रवाल को 94 हजार वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी हाजी रिजवान कुरैशी ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 73029 वोट प्राप्त किए। 14 राउंड तक चौथे स्थान पर रहने वाले रिजवान ने आखिरी नौ राउंड में करीब 50 हजार वोट हासिल कर सबको हैरान कर दिया।
पूर्व विधायक और सपा प्रत्याशी मोहम्मद यूसुफ अंसारी तीसरे तथा बसपा के लाखन सिंह सैनी चौथे स्थान पर रहे। मुरादाबाद में1634 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग भी किया।
भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल की जीत से समर्थकों में खासा उत्साह है। जीत की घोषणा के साथ ही भाजपा के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल बजने और गुलाल उड़ने शुरू हो गए। सभी ने विनोद अग्रवाल को उनकी जीत की बधाई दी।
जीत के बाद अमर उजाला से बातचीत करते हुए नवनिर्वाचित महापौर विनोद अग्रवाल ने कि यह जीत जनता के विश्वास की और उनके प्रयासों की जीत है। वह शहर के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।
वार्ड स्तर पर भाजपा अच्छा प्रदर्शन कर रही है। तमाम वार्डों में उसने अपनी जीत दर्ज करा ली है। जबकि कुछ की मतगणना जारी है, जिनमें वह बढ़त बनाए हुए है। शेष दलों की झोली में कम ही वार्ड गए हैं।
अंतिम परिणाम -
विनोद अग्रवाल - भाजपा - 94584
मो. रिजवान कुरैशी - कांग्रेस - 73029
मो. यूसुफ अंसारी - सपा - 47695
लाखन सिंह सैनी - बसपा - 32189
सरदार गुरविंदर सिंह - आप - 5564
नोट : 1634