कांठ। सवारी बैठाने को लेकर गालियां देते हुए निजी बसों के मुंशी को जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत पर कांठ पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कांठ थाना क्षेत्र के गांव लाडलाबाद निवासी रामचंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनका बेटा राजेंद्र सिंह कांठ-अमरोहा मार्ग पर चलने वाली निजी बसों पर मुंशीगिरी करता है। मंगलवार को राजेंद्र उमरी कलां पाठंगी तिराहा पर अपनी कार में बैठा था। आरोप है कि तभी उमरी कलां जुम्मे का बाजार निवासी काले कन्हैया और फईम ने बस में सवारियां बैठाने को लेकर गालियां देते हुए राजेंद्र पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रामचंद्र ने तहरीर में कहा है कि पता लगने पर वह मौके पर आया और उसने लोगों की मदद से अपने घायल बेटे को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेश पाल सिंह ने कहा कि सवारियां बैठाने को लेकर विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।