मुरादाबाद। नगर निगम प्रशासन ने पालतू कुत्तों का पंजीकरण कर लाइसेंस जारी करने का काम तेज कर दिया है। अपर नगर आयुक्त द्वितीय अजीत सिंह के निर्देश पर जहां सफाई निरीक्षकों ने वार्डों में इसके सर्वे का काम तेज कर दिया है, वहीं कुत्ता पालक भी अपने कुत्तों का लाइसेंस बनवाने के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचने लगे हैं। बृहस्पतिवार दो कुत्ता पालकों ने पीलीकोठी स्थित कार्यालय पहुंच कर चार कुत्तों का लाइसेंस बनवाया।
अपर नगर आयुक्त-द्वितीय अजीत सिंह द्वारा बुधवार को पालतू कुत्तों के पंजीकरण व उनके लाइसेंस जारी करने के कार्य का शुभारंभ किया गया था। पहले दिन तीन कुत्तों का लाइसेंस बनाया गया था। उनके निर्देश के क्रम में सफाई निरीक्षकों व सफाई नायकों ने बृहस्पतिवार को अभियान चला कर अपने वार्डों में ऐसे लोगों का सर्वे किया जो कुत्ता पालते हैं। उनसे शीघ्र नगर निगम कार्यालय पहुंच कर लाइसेंस बनवाने की भी अपील की।
प्रभारी पशु कल्याण हेमेंद्र ने बताया कि अब कुत्ता पालक अपने कुत्ते का नगर निगम कार्यालय में रजिस्ट्रेशन करा लाइसेंस प्राप्त करने के लिए पहुंचने लगे हैं। बृहस्पतिवार शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी राजेश जैन ने अपने तीन पालतू कुत्तों का लाइसेंस बनवाया। वहीं मिलन विहार कॉलोनी निवासी कामेंद्र राघव ने अपने एक पालतू कुत्ते का लाइसेंस बनवाया। इसी के साथ शहर में पालतू कुत्तों के लिए जारी किए गए लाइसेंस की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
कुत्तों के रजिस्ट्रेशन के लिए यह है जरूरी अभिलेख
प्रभारी पशु कल्याण हेमेंद्र ने बताया कि पालतू कुत्तों का नगर निगम में पंजीकरण कराने के साथ उसका लाइसेंस प्राप्त करने के लिए कुत्ता पालकों को कुत्ते के टीकाकरण का प्रमाणपत्र, कुत्ता मालिक को अपनी आईडी साथ ले जानी होगी। पीलीकोठी स्थित कार्यालय पर पंजीकरण फॉर्म के साथ यह दस्तावेज लगा कर जमा करने होंगे। बड़े कुत्तों का 2500 रुपये व छोटे कुत्तों का 1000 रुपये वार्षिक लाइसेंस शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद उन्हें लाइसेंस प्राप्त हो जाएगा।