कांठ। तहसील क्षेत्र के गांव समंदपुर में नलकूप की कोठरी के ऊपर तेंदुआ बैठा दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। कार सवारों ने तेंदुए का मोबाइल से वीडियो भी बनाया जो कि सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो दो दिन पुराना है। जांच में पता चला है कि गांव समंदपुर से कांवड़ पथ की तरफ जा रहे रास्ते पर बनी चंद्रपाल सिंह के नलकूप की कोठरी पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया था। जिसका कार सवारों ने वीडियो भी बना लिया था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ ही गांव-गांव एनाउंसमेंट भी कराए जा रहे हैं। मोबाइल वैन भी ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार कर ग्रामीणों को जागरूक कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कांठ और छजलैट में सात स्थानों पर पिंजरे लगे हुए हैं, जिनमें कांठ के गांव सलेमपुर, पाइंदापुर, राजीपुर खद्दर, छजलैट में कुचावली, रसूलपुर चौहरा, दयानाथपुर और रम्पुरा में पिंजरे लगाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांव सदरपुर और छज्जूपुरा दोयम में भी तेंदुए दिखाई देने की सूचना पर टीम ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों को जागरूक किया है।