फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: पाकबड़ा में तेंदुए की दहशत, सीसीटीवी फुटेज में नाले में छिपा दिखा

विज्ञापन
विज्ञापन
पाकबड़ा। समाथल रोड से सटी घनी आबादी में रविवार की रात तेंदुए की दस्तक ने लोगों की नींद उड़ा दी। लोगों का दावा है कि तेंदुआ कई स्थानों पर कुत्तों के पीछे दौड़ा और उन्हें दबोचने की कोशिश की लेकिन कुत्ते भाग निकले। इसके बाद तेंदुआ काफी देर तक आबादी के आसपास घूमता रहा। उसकी गतिविधियां कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। एक फुटेज में तेंदुआ खाली नाले में छिपा दिख रहा है।
विज्ञापन



बताया जा रहा है कि तेंदुआ पिछले तीन-चार दिनों से पाकबड़ा क्षेत्र में लगातार चहलकदमी कर रहा है। रविवार की रात आबादी के बीच घूमते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह एक नाले में जा गिरा। तेंदुए को नाले में देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकलकर दूर से उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। तेंदुए की मौजूदगी के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में दहशत और बढ़ गई है। हालांकि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने बागड़पुर गांव के आसपास पिंजरा लगाया है। टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है लेकिन तेंदुआ अब तक पिंजरे में नहीं फंसा है। आबादी के नजदीक लगातार उसकी मौजूदगी से वन विभाग के इंतजामों पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है, जिससे उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा है।


लाउडस्पीकर से लोगों को किया सचेत, गश्त बढ़ाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को घरों में रहने, अकेले बाहर न निकलने और आसपास तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की जा रही है। रात के समय खासतौर पर लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। शाम ढलते ही गलियों में सन्नाटा पसरने लगा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि पिंजरे और निगरानी का दायरा बढ़ाकर तेंदुए को जल्द रेस्क्यू किया जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले खतरा टाला जा सके। डीएफओ डॉ. विनय पांडे का कहना है कि पिंजरा लगाया गया है, जो वीडियो वायरल हो रही है, वह पुरानी है। टीम लगातार निगरानी कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें