कांठ। छजलैट के गांव छज्जा नंगला में तेंदुए ने ग्रामीण के घर में घुसकर उसके पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। घर वालों के शोर मचाने पर तेंदुआ कुत्ते को छोड़कर भाग गया। वहीं कांठ के अहमदपुर निंगू नंगला में भी तेंदुआ दिखाई देने का दावा किया गया है।
रविवार की शाम कांठ के डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव छज्जा नंगला निवासी तपन चौधरी के घर में घुसकर कुत्ते पर हमला करने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि तपन बाहर रहते हैं, घर में उनकी माता और अन्य परिजन रहते हैं। सोमवार को टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
वहीं दूसरी ओर कांठ के गांव अहमदपुर निंगू नंगला में भी करतार सिंह बिश्नोई के घर के पास तेंदुआ दिखाई देने का दावा ग्रामीणों द्वारा किया गया है। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए की चहलकदमी कैद हुई है। इससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई है। तेंदुए का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
डिप्टी वन रेंजर का कहना है कि अहमदपुर निंगू नंगला में तेंदुए दिखाई देने की फिलहाल कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है लेकिन इसके बाद भी वह टीम को भेजकर जांच कराएंगे। उन्होंने छज्जा नंगला और अहमदपुर निंगू नंगला के ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने पर अकेले न जाने, समूह के रूप में कृषि कार्य करने, पास में लाठी-डंडे रखने, बच्चों और महिलाओं को खेतों व जंगली की ओर न जाने देने की अपील की है।