ठाकुरद्वारा। गांव असलेमपुर में तेंदुआ पशुशाला में घुसकर दो भेड़ों को उठाकर ले गया जबकि एक भेड़ को मौके पर मारकर खा गया। दीपक के घर के पास एक कुत्ते को उठाकर ले गया था। गांव के विपुल ने बताया कि गांव के प्रकाश पाल ने जंगल में कुड़का नदी के किनारे पशुशाला बना रखी है। वहां पर वह भेड़ों को रखता है। मंगलवार शाम को गर्मी के कारण भेड़ पशुशाला के बाहर घूम रही थीं। तभी दो तेंदुए बाउंड्री की दीवार फांदकर घुस आए और एक भेड़ को वहीं मारकर खा गए जबकि दो भेड़ों को उठाकर जंगल में ले गए। जिनका बुधवार को दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। प्रकाश पाल के शोर मचाने पर शाम को काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए थे। तेंदुओं और भेड़ों को तलाश की लेकिन उनका पता नहीं चल सका। वन क्षेत्राधिकारी रवि कुमार गंगवार का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। घटना की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वन क्षेत्र अधिकारी का कहना है कि क्षेत्र में काफी संख्या में तेंदुए सक्रिय हैं। 10 से 12 तेंदुओं के क्षेत्र में सक्रिय होने का अनुमान है। उनका कहना है कि अब तेंदुए ने शावकों को यहीं पर जन्म देना शुरू कर दिया है। तेंदुए का सुरक्षित निवास गन्ना होता है। क्षेत्र में काफी क्षेत्रफल में गन्ना पैदा होता है। उनका कहना है कि एक मादा तेंदुआ एक से तीन शावक तक जन्म देती है।