कांठ। क्षेत्र में हर रोज तेंदुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। अब छजलैट के रम्पुरा में तेंदुए ने एक गोवंशीय पशु को अपना निवाला बना लिया। सूचना पाकर पहुंची वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिएक हा है।
छजलैट के रम्पुरा में बृहस्पतिवार की रात राजेश सिंह के घर के पास तेंदुए ने एक आवारा छुट्टा गोवंशीय पशु पर हमला कर दिया। वह उसे वहां से उठाकर पास में ही एक गन्ने के खेत में ले गया। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में पशु का अधखाया शव पड़ा देखा तो वन विभाग को सूचना दी। जिसके बाद डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह, वन दरोगा राजेंद्रा सिंह आदि टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग भी की। टीम ने ग्रामीणों को तेंदुए की मौजूदगी होने से सतर्क रहने के लिए कहा है। खेतों पर समूह के रूप में जाने और छोटे बच्चों को शाम होते ही घरों से बाहर न निकलने देने के लिए कहा। ग्रामीणों की मांग पर यहां पिंजरा लगवाने का आश्वासन भी टीम ने दिया है। डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि उच्चाधिकारियों से बात कर रम्पुरा में पिंजरा लगवाया जाएगा। फिलहाल ग्रामीण सतर्क रहें।