डिलारी। पिता के साथ खेत पर गए आठ साल के आयुष पर शुक्रवार सुबह दस बजे तेंदुए ने हमला कर दिया। आयुष की चीख सुनकर दाैड़े पिता ने अन्य लोगों की मदद से तेंदुए को ललकारते हुए भगा दिया। घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्र के गांव मलकपुर सेमली निवासी महेन्द्र सिंह ने बताया वह परिवार के साथ धान की रोपाई कर रहा था। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण आयुष भी परिवार के साथ खेत पर था। आयुष गांव के ही स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता है। उसके खेत के पास अमरूद का पेड़ है। वह पेड़ पर चढ़ कर अमरूद तोड़ रहा था। तभी शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे तेंदुए ने आयुष पर हमला कर दिया । उसकी चीख को सुनकर पहुंचे महेन्द्र सिंह सहित अन्य लोगों ने किसी प्रकार तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया । परिजन घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत जिला चिकित्सालय भेज दिया ।