बिलारी। नगर पालिका के वार्ड संख्या 15 मोहल्ला अंसारियान में कई विद्युत पोल तिरछे होने और बंच केबल लटके होने से नागरिक परेशान हैं। बारिश के दौरान वार्ड की सड़कों पर पानी भर जाता है।
वार्ड संख्या 15 मोहल्ला अंसारियान का मदरसा फैजे मुश्तफा, प्रसिद्ध हुसैनी झंडा, वीर अब्दुल हमीद पार्क और कोठी प्राइमरी स्कूल के पूरब का इलाका आता है। वार्ड में बने वीर अब्दुल हमीद पार्क में पहले लोगों ने बड़ा हॉल बनाने की मांग भी उठाई लेकिन हॉल नहीं बना।
वार्ड की गलियों में सड़कों पर जो विद्युत पोल लगे हुए हैं। उनमें से कई पोल टेढ़े होने के बाद निकट के मकानों से सटे हुए खड़े हैं। ऐसे विद्युत पोलों से हादसे की आशंका बनी रहती है। वार्ड में ही कई विद्युत पोलों पर बंच केबल का जाल लटका हुआ है। गर्मी के मौसम में किसी एक कनेक्शन संबंधी बंच केबल में आग लग जाने पर सभी केबल आग लग जाती है और विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है। इस वार्ड में कई पुरानी सड़कें अब इतनी नीची हो गई हैं कि बारिश होने पर नालियों का पानी उन सड़कों पर जाता है। ईओ रजनी सिंह का कहना है कि पुरानी और नीची सड़कें दोबारा बनाने का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक से पास हो गया है। जिला मुख्यालय से प्रस्ताव की स्वीकृति का इंतजार है।