ठाकुरद्वारा। क्षेत्र के अधिवक्ता रजिस्ट्री विभाग को ऑनलाइन करने और डिजिटल रजिस्ट्री के सरकार के निर्णय के खिलाफ बुधवार को तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। उन्होंने डिजिटल रजिस्ट्री के आदेश को निरस्त करने की मांग को लेकर न्यायालयों में काम नहीं किया। उनके समर्थन में दस्तावेज लेखक भी हड़ताल पर रहे। स्टांप की बिक्री भी नहीं होने दी गई। अधिवक्ताओं ने तीसरे दिन भी रजिस्ट्री कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। शाम पांच बजे तक अधिवक्ता धरने पर बैठे रहे।
ठाकुरद्वारा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आबिद अली और महासचिव सतीश कुमार वत्सल ने कहा कि मांगे पूरी होने तक अधिवक्ताओं का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने और लाखों लोगों को बेरोजगार होने से रोकने के लिए डिजिटल रजिस्ट्री के आदेश को निरस्त करने की मांग की। इस अवसर पर सिविल बार एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद आकिब, पूर्व अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह, चौधरी रनबीर सिंह, उमेश गुप्ता अनुज सक्सैना ,सफदर अली खां , धर्मदत्त शर्मा, दस्तावेज लेखक ओमप्रकाश सिंह पाल, अजय सक्सैना आदि मौजूद रहे। संवाद