मुरादाबाद। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से व्यक्तिगत माध्यम से परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख पांच मई है। विद्यार्थी जब आवेदन करने जा रहे हैं तो उनके फॉर्म पर कॉलेज का नाम ही नहीं खुल रहा है। इससे विद्यार्थी परेशान हैं, क्योंकि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कॉलेजों में अवकाश है। मीडिया प्रभारी विश्वविद्यालय का कहना है कि विद्यार्थियों की शिकायत मिलने पर समाधान किया जाएगा।
केजीके कॉलेज की एमए प्रथम सेमेस्टर की संस्कृत विषय की छात्रा कामिनी और सोनम ने बताया कि उन्होंने 20 अप्रैल को फॉर्म भरा था, लेकिन परीक्षा फॉर्म भरने पर कॉलेज का नाम केजीके कॉलेज के स्थान पर भगवंत सिंह डिग्री कॉलेज कुआंखेड़ा खालसा मुरादाबाद आ रहा है। इस समस्या का समाधान करने के लिए तीन से चार बार कॉलेज गए, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को भी दोनों छात्राएं अपने परिजनों के साथ कॉलेज आई थीं, लेकिन कॉलेज का विकल्प सही नहीं हुआ।
प्राचार्य ने छह मई को समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है, इसकी वजह से एक वर्ष खराब होने की चिंता सता रही है। छात्र रामवीर, अक्षय ने बताया कि वह पिछले वर्ष बीए द्वितीय वर्ष में फेल हो गए हैं, उनका एक्स विद्यार्थी के रूप में फॉर्म खुलना चाहिए, लेकिन उनका फॉर्म नहीं खुल रहा है।
दो दिन का अवकाश : साइबर कैफे संचालक गौरव मिश्रा ने कहा कि मंगलवार को एक छात्रा सोनम फॉर्म भरने आई थी। उसने प्रयोगात्मक परीक्षा दी है, लेकिन उसके अंक विश्वविद्यालय ने नहीं चढ़ाए हैं। छात्रा ने हिंदू कॉलेज जाकर अपनी उपस्थिति प्रपत्र भी निकलवा लिया है, लेकिन देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। चार मई को मतदान और पांच मई को बुद्ध पूर्णिमा की वजह से अवकाश है। इसकी वजह से विद्यार्थी बहुत परेशान हैं। मंगलवार को छह विद्यार्थी आए थे।