मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों को स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया 24 जुलाई तक पूरी करनी होगी। 26 जुलाई से नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू होंगी। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने बताया कि स्नातक में प्रवेश की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी, इसलिए विद्यार्थी निर्धारित तिथि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें।
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से मुरादाबाद मंडल के 372 कॉलेज संबद्ध हैं। इन कॉलेजों में स्नातक में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है। पंजीकरण शुल्क 150 रुपये है। जिन कॉलेजों में निर्धारित सीटों की अपेक्षा अधिक विद्यार्थी पंजीकृत होंगे, उन कॉलेजों में मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
कॉलेजों में पंजीकृत विद्यार्थियों को 24 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी है। इसके बाद दो दिनों के भीतर विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने बताया कि विद्यार्थियों की कक्षाएं समय पर समाप्त हों, इसलिए न तो पंजीकरण की तिथि बढ़ाई जाएगी और न ही प्रवेश तिथि। स्नातक का शिक्षण कार्य नवंबर तक समाप्त हो जाएगा। जिससे समय से समेस्टर की परीक्षाएं शुरू की जा सकेंगी।
00
स्नातक में 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध मंडल के कॉलेजों में स्नातक में दाखिले के लिए पंजीकरण तीन जून से चल रहे हैं। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने बताया कि अभी तक 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने स्नातक के अलग-अलग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया है।
00
स्कूलों में बनाई गईं हेल्प डेस्क
स्नातक में पंजीकरण के लिए हिंदू कॉलेज, केजीके कॉलेज, एमएच कॉलेज, दयानंद गर्ल्स कॉलेज समेत जिले के अन्य कॉलेजों में निशुल्क हेल्प डेस्क बनाई गई है। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। यदि कोई समस्या आती है तो विद्यार्थी कॉलेज में जाकर हेल्प डेस्क से सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं। हेल्प डेस्क पर निशुल्क पंजीकरण की सुविधा है, विद्यार्थियों को केवल पंजीकरण की फीस जमा करनी होगी। तमाम विद्यार्थी हेल्प डेस्क की मदद भी ले रहे हैं।