कुंदरकी। सोमवार की सुबह कुंदरकी थाना क्षेत्र की ग्राम मल्हीपुर महमूदा नगला से सटे आम के बाग में एक पेड़ पर संदिग्ध हालात में मजदूर जयपाल सिंह (55) वर्ष का शव लटका मिला है। खास बात यह है कि मजदूर के पैर जमीन से कुछ इंच ऊपर थे और उनके गले में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगा था। जानकारी के मुताबिक मजदूर जयपाल सिंह की रविवार की देर रात को गांव में ही शादी कार्यक्रम में नजर आए थे। सोमवार की सुबह गांव से सटे एक बाग में आम के पेड़ पर उनका शव रस्सी के फंदे पर लटका मिला। मजदूर का शव लटके होने की सूचना पर कुछ ही देर में घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों में चीत्कार मच गई।
वहीं पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरा और मौत की सही वजह जाने को शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है जिसके पीछे की वजह से स्पष्ट नहीं हो पा रही है जबकि कुछ लोग आर्थिक तंगी भी बता रहे थे। बताते है कि मजदूर की पत्नी का निधन पहले हो चुका है जबकि परिवार में तीन बेटे गुड्डू, गुलाब सिंह और अरुण हैं और तीन बेटियों हैं जिनकी शादी हो चुकी है। गमजदा परिजनों को सगे संबंधी और रिश्तेदार ढांढस बंधाते नजर आए। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मजदूर की मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।
फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जुटाए साक्ष्य
कुंदरकी। क्षेत्र के ग्राम मल्हीपुर महमूदा नगला निवासी मजदूर जयपाल सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने घटना स्थल पर जांच की और बेटों से भी पूछताछ की। वहीं मुरादाबाद से आई फोरेंसिक टीम ने काफी देर रात मौके पर छानबीन की। साथ ही घटना स्थल से डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए हैं ताकि मौत के पीछे की सही वजह का पता चल सके। इस दौरान परिवार के लोग और ग्रामीण भी जुटे नजर आए।