मुरादाबाद। सिविल लाइंस पुलिस ने शुक्रवार को स्पोर्ट्स कारोबारी कुशांक हत्याकांड के आरोपी पांच घंटे की रिमांड पर लिए। पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीम ने दोनों भाइयों से पूछताछ की। हालांकि पुलिस न तो कुछ बरामद करा पाई और न ही पूछताछ में कुछ खास हासिल कर सकी। रिमांड की समय अवधि पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल में दाखिल कर दिया गया।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अरन्या सिग्नेचर अपार्टमेंट निवासी अशोक गुप्ता के तीस वर्षीय बेटे कुशांक गुप्ता की बारह जनवरी की रात रामगंगा विहार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुशांक की सिद्धबली नाम से स्पोर्ट्स एवं गिफ्ट की दुकान है। घटना के समय उनका कर्मचारी शिवम निवासी गंगा मंदिर हरथला दुकान बंद कर रहा था, जबकि वह दुकान के बाहर खड़ी कार में कुत्ता रख रहे थे। इस दौरान कुशांक को गोली मार दी गई थी। कुशांक के पिता अशोक गुप्ता ने बिजनौर जनपद के नूरपुर थानाक्षेत्र के कबीर नगर निवासी प्रियांशु गोयल और उसके भाई दवा व्यापारी हिमांशु गोयल के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पंद्रह जनवरी को पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शुक्रवार को सिविल लाइंस पुलिस ने प्रियांशु और हिमांशु को पांच घंटे की रिमांड पर लिया। पुलिस के अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम ने भी सिविल लाइंस थाने में पूछताछ की। घंटों पूछताछ करने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इसके अलावा न ही कुछ बरामद कराया गया है। शुक्रवार शाम रिमांड की समय अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था, लेकिन उनसे पूछताछ में कुछ मिल नहीं पाया है।