मुरादाबाद। बहुचर्चित कुशांक हत्याकांड के मामले में मंगलवार को अदालत में एफआईआर लेखक ने अपने बयान दर्ज कराए। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख ललित कौशिक और दो अन्य आरोपियों पर सुपारी देकर कुशांक की हत्या कराने का आरोप है। मामले की अगली सुनवाई चार मार्च को होगी।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में 12 जनवरी 2022 की देर शाम रामगंगा विहार स्थित सोनकपुर स्टेडियम के पास कुशांक गुप्ता पुत्र अशोक कुमार गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुशांक की खेलों के सामान की दुकान थी। इसी को लेकर विवाद सामने आया था। इस मामले में मृतक के पिता अशोक कुमार गुप्ता ने थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कराया था। मुकदमे की विवेचना के समय पाया गया कि इस मामले में कुशांक गुप्ता का विवाद पूर्व ब्लाॅक प्रमुख ललित कौशिक के साथ हुआ था। ललित कौशिक दुकान खाली कराना चाहता था। दुकान खाली करने को लेकर पूर्व में भी धमकी दी गई थी। इसके बाद कुशांक गुप्ता की हत्या कराने की सुपारी दी गई। इसमें खुशवंत सिंह उर्फ भीम पुत्र वीरेंद्र सिंह को हत्या की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस की विवेचना के अनुसार एक षडयंत्र रच कर दुकान विक्रेता कुशांक की हत्या कर दी गई। जिसमें ललित कौशिक समेत खुशवंत सिंह उर्फ भीम और केशव सारण शर्मा को आरोपी बनाया गया था। इस मुकदमे की सुनवाई सेशन कोर्ट में चल रही है। मंगलवार को एफआईआर लेखक दीपक तोमर ने अदालत में पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए। आरोपी केशव और खुशवंत उर्फ भीम के वकील अभिषेक शर्मा ने बताया कि गवाह से दोनों आरोपियों की ओर से जिरह पूरी की गई। संवाद