बिलारी। विधानसभा क्षेत्र बिलारी में सपा का गढ़ समझे जाने वाले थांवला गांव के मोहल्ला कुरैशियान मस्जिद चौक में शनिवार शाम पहुंचे कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल बांटे। इस दौरान ग्रामीणों ने भाजपा विधायक का जोरदार स्वागत किया।
थांवला गांव निवासी माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री शमशाद हुसैन कुरैशी की ओर से अपने स्वर्गीय पिता को ईसाले सबाब के मिलने के उद्देश्य से कंबल वितरण समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर कुंदरकी के भाजपा विधायक रामवीर सिंह को बुलाया गया। भाजपा विधायक के समारोह में पहुंचते ही ग्रामीणों ने फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षक नेता शमशाद हुसैन कुरैशी और संचालन भाकियू नेता गुडडू कुरैशी ने किया। समारोह में माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल सिंह, मुश्तकीम कुरैशी, तस्लीम कुरैशी, मुन्ने कुरैशी, अमीर हमजा, असद आलम, शाहिद हुसैन, अख्तर हुसैन आदि भी मौजूद रहे। अल्पसंख्यक बाहुल्य थांवला गांव को क्षेत्रीय राजनीति में सपा का गढ़ माना जाता है। इस गांव में कुंदरकी के भाजपा विधायक का पहुंचना लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।