मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के टिसुआ और पीतांबरपुर के बीच बुधवार सुबह कपलिंग टूटने की वजह से मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। गनीमत रही कि मालगाड़ी के पहिये पटरी से नहीं उतरे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी और रेलवे कंट्रोल रूम में इसकी जानकारी दी। जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कपलिंग लगाने के बाद मालगाड़ी आगे के लिए रवाना की गई।
गुरुवार सुबह मालगाड़ी लखनऊ से बरेली की ओर जा रही थी। दस बजकर चौबीस मिनट पर मालगाड़ी टिसुआ से पीतांबरपुर के लिए रवाना हुई। इसी बीच डिब्बों को आपस में जोड़ने वाली कपलिंग टूट गई। जिससे मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी। इससे अन्य गाड़ियों के संचालन पर भी असर पड़ा। सूचना मिलने पर रेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद चालक ने इंजन बैक किया और दूसरी कपलिंग लगाने के बाद डिब्बों को आपस में जोड़ा गया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई। हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस और मालगाड़ी बीच में रुकी रहीं। जिन्हें बाद में आगे के लिए रवाना किया गया।