मुरादाबाद। नोएडा के एक नामी स्कूल में पढ़ने वाली तीसरी कक्षा की छात्रा बृहस्पतिवार को काशीपुर दोराहा के पास मिली। छात्रा ने चाइल्ड लाइन की प्रभारी को बताया कि उसे एक तांत्रिक नोएडा से यहां ले आया था।
सार्ड चाइल्ड लाइन की प्रभारी श्रद्धा शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को सूचना मिली कि काशीपुर दोराहा पर एक छात्रा लावारिस (9) हालत में घूमते हुए मिली है। सूचना पर चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंची। छात्रा को पुलिस की मौजूदगी में चाइल्ड लाइन ने अपनी सुपुर्र्दगी में लिया। इसके बाद छात्रा से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह नोएडा में एक नामी स्कूल में पढ़ती है। वह दादा-दादी के साथ रहती है। छात्रा कहती है कि तांत्रिक ने उसके माता, पिता को खतरे से बाहर निकालने की बात कही थी और उसे नोएडा से यहां ले आया था। ये तांत्रिक कौन है और कहां का रहने वाला है। इस संबंध में जानकारी नहीं हो सकी है। छात्रा के परिवार वालों के बारे में जानकारी के लिए नोएडा पुलिस और वहां की चाइल्ड लाइन को जानकारी दे दी गई है।
महिला ने की बच्ची को अगवा करने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। जिला अस्पताल के पास से एक बच्ची को एक महिला द्वारा नए कपडे़ बाजार से दिलाने का बहाना कर अगवा करने की कोशिश की गई।
बच्ची रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो उसे आभास हो गया कि महिला के इरादे गलत है। वह उसके चंगुल से निकलकर हाईवे की ओर भागी। जहां से उसे एक राहगीर ने बचाया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहां से बच्ची को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया। सार्ड चाइल्ड लाइन की प्रभारी श्रद्धा शर्मा ने बताया कि बाल कल्याण समिति ने इस मामले में काउंसलिंग की और बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया है। बच्ची को अगवा करने की कोशिश करने वाली महिला का पता नहीं चल सका है।