दिल्ली हाईवे पर शनिवार को चेकिंग कर रही वन विभाग की टीम पर खनन माफिया ने हमला बोल दिया। वन विभाग के सीओ, दरोगा और वन रक्षक को दौड़ा दौड़ा कर पीटा गया। टीम ने बजरी लदे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक चालक की सूचना पर पहुंचे स्कार्पियो सवार लोगों ने टीम के साथ मारपीट गई।
उन्होंने जंगल में भागकर अपनी जान बचाई। वन क्षेत्राधिकारी ने पाकबड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई। हालांकि सीओ ने ऐसी घटना से इंकार कर दिया है। वन विभाग के प्रवर्तन दल के क्षेत्राधिकारी राम सिंह विष्ठ, दरोगा सुरेश चन्द्र जोशी, वन रक्षक सुशील कुमार, वन चौकीदार उदय पाल सिंह राघव के साथ रामपुर- मुरादाबाद बाईपास पर उमरी सब्जीपुर गांव के पास वाहनों की चेंकिग कर रहे थे।
दोपहर में एक ट्रक बजरी से भरा हुआ रोका गया था। टीम ने ट्रक चलक से कागज दिखाने को कहा। मगर ट्रक चालक ने कागज दिखाने के बजाए अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दो स्कार्पियो कार में सवार होकर एक दर्जन से ज्यादा लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने सभी वन कर्मचारियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
दबंगों ने हाईवे पर वन विभाग की टीम को दौड़ा दौड़ा कर पीटा वन क्षेत्राधिकारी अपनी टीम के साथ मदद के लिए इधर उधर दौड़ते रहे, लेकिन किसी ने कोई मदद नही की। दबंग ट्रक को अपने साथ ले गए। वन विभाग की सरकारी गाड़ी भी तोड़ दी। वन विभाग के कर्मचारियों ने देर शाम इस मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस भी दबंगों की तलाश करने लगी, लेकिन उनका कोई पता नही चल पाया। पुलिस ने वन क्षेत्राक्षिकारी राम सिंह विष्ठ की तहरीर पर ट्रक संख्या (यूपी 21 एएन 5381) और स्कार्पियो संख्या (यूके 06 एन 1555) और दूसरी स्कारपियों (यूपी 21 बीसी 5001) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं भगतपुर के कांकरखेड़ा, भानपुर गजरौला और बराही लालपुर में शनिवार को अवैध खनन कर रहे सात ट्रैक्टर-ट्राली, एक जेसीबी को पुलिस ने सीज दिया।