ठाकुरद्वारा। नगर में स्थित काशीराम कॉलोनी की हालत जर्जर है। कॉलोनी में रहने वाले 500 लोग परिवार सहित डर के माहौल में रह रहे हैं। कॉलोनी की दूसरी और तीसरी मंजिल में पानी नहीं पहुंचता है। सड़कों और नालियों की जर्जर और खस्ता हालत हैं। जर्जर आवास का मलवा गिरता रहता है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। काशीराम कॉलोनी का निर्माण वर्ष 2010 में बसपा के शासन में मान्यवर काशीराम शहरी गरीब आवास योजना के अंतर्गत हुआ था। कॉलोनी का उद्घाटन तत्कालीन सांसद वीर सिंह ने किया था। कॉलोनी में 204 आवास बने हुए हैं। इनमें से सिर्फ 146 आवास आवंटित हैं। अन्य आवासों पर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। कॉलोनी परिसर में एक पार्क भी बना हुआ है जिसमें लोगों ने अपना सामान रख कर अवैध कब्जा कर रखा है। इससे कॉलोनी में रहने वाले बच्चे पार्क में नहीं नहीं खेल पाते हैं। पार्क में खड़ा पीपल का पेड़ पांच दिन पहले आई आंधी में उखड़ गया था। यहां रहने वाले लोगों की मांग है कि क्षतिग्रस्त आवासों को मरम्मत करा कर ठीक कराया जाए। कॉलोनी में रहने वाले ज्ञान सिंह का कहना है कि उन्हें आवास आवंटित नहीं है। वह अपने परिचित के आवास में रह रहे हैं उन्होंने कहा कि साफ सफाई ठीक है। सड़कें और नालियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। कॉलोनी निवासी किशन सिंह का कहना है कि बारिश होने पर आवासों के छतें टपकती रहती हैं। कॉलोनी की सड़कों और नालियों रास्तों की हालत होने के कारण उन पर चलना बहुत मुश्किल है। कॉलोनी निवासी बिरमला देवी का कहना है कि वह 15 साल से यहां रह रही हैं उनका कहना है कि कॉलोनी के आवासों की जर्जर स्थिति की शिकायत तीन माह पहले अधिकारियों से की गई थी लेकिन अभी तक मरम्मत नहीं हुई है। कॉलोनी का लोग इस स्थिति में डर के माहौल में रह रहे हैं। कॉलोनी के निवासी रियासत अली का कहना है कि वे यहां पर 10 साल से रहते हैं। दूसरी और तीसरी मंजिल में पानी नहीं पहुंच पाता है। पानी को नीचे से भरकर ऊपर ले जाया जाता है। उनका आरोप है कि किसी ने ऊपर मंजिलों में जाने वाले पाइप काट दिए हैं। नगर पालिका परिषद ठाकुरद्वारा के सफाई प्रभारी चंचल कुमार का कहना है कि कॉलोनी में नियमित सफाई कर कूड़ा उठाया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी का कहना है कि अभी तक काशीराम कॉलोनी को नगर पालिका परिषद को हैंडओवर नहीं किया गया है। इसका निर्माण डूडा ने कराया है उसी के अधीन कॉलोनी है। फिर भी नगर पालिका वहां पर साफ सफाई और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।