कांठ नगर से होकर अपनी मंजिल की ओर जाते शिव भक्त कांवड़िये। संवाद
कांठ (मुरादाबाद)। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार से पवित्र कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों की अब धीर-धीरे संख्या बढ़ रही है। मंगलवार की शाम कांठ नगर से होकर बांदा के पांच कांवड़िये कांधे पर कलश कांवड़ लेकर भोले के जयकारे लगाते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ते हुए दिखाई दिए। कांवड़ियों ने बताया कि उन्होंने 15 जुलाई को हरिद्वार से कांवड़ में पवित्र गंगाजल भरकर यात्रा शुरू की थी, वह करीब 670 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर 11 अगस्त को सावन की महाशिवरात्रि पर भगवान शंकर का जलाभिषेक करेंगे। इधर कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट है। कांवड़ यात्रा मार्गों पर साइड पटरियों की साफ-सफाई के साथ ही झुकी हुई पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई का कार्य भी कराया जा रहा है। वहीं यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों को लगवाने का काम भी तेजी से चल रहा है।